भारत और द. अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म हो गया। खेल के पहले दिन शुरुआत में द. अफ्रीकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों पर हावी रहे लेकिन आखिरी वक्त में भारतीय गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और मेजबान टीम ने 6 विकेट पर 269 रन बनाए। फिलहाल क्रीज पर कप्तान डू प्लेसिस 24 रन और केशव महाराज 10 रन बनाकर मौजूद हैं। मैच के पहले दिन भारत की तरफ से अश्विन ने तीन जबकि जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लिए।
अश्विन ने लिए तीन विकेट
भारत को पहली सफलता आऱ. अश्विन ने दिलाई। अश्विन ने 31 रन पर खेल रहे एल्गर को मुरली विजय के हाथों कैच आउट करवाकर द. अफ्रीका को पहला झटका दिया। ओनपर बल्लेबाज मार्कराम ने अच्छी पारी खेली हालांकि वो सिर्फ छह रन से अपने शतक से चूक गए। अश्विन की गेंद पर मार्कराम 94 रन पर आउट हो गए। उनका कैच विकेट के पीछे पार्थिव पटेल ने पकड़ा। द. अफ्रीका को तीसरा झटका ईशांत शर्मा ने दिया। ईशांत की गेंद पर एबी डीविलियर्स 20 रन पर आउट हो गए। बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हाशिम अमला 82 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके ठीक बाद क्विंटन डी कॉक बिना खाता खोले ही अश्विन की गेंद पर विराट के हाथों कैच थमा बैठे। फिलेंडर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए।
भारतीय टीम में तीन बदलाव
इस मुकाबले के लिए भी उप कप्तान अजिंक्य रहाणे को अंतिम ग्यारह में शामिल नहीं किया गया। भारतीय टीम में इस मैच के लिए तीव बदलाव किए गए। ओपनर शिखर धवन की जगह लोकेश राहुल को मौका दिया गया। गेंदबाज़ी में भुवनेश्वर कुमार की जगह ईशांत शर्मा को प्लेइंग इलेवन में चुना गया। वहीं विकेटकीपर साहा के मामूली चोट के चलते पार्थिव पटेल को टीम में शामिल किया गया।
सीरीज़ में आगे द. अफ्रीका
तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ का पहला मैच द. अफ्रीका ने जीत लिया था। केपटाउन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को 72 रन से हार का सामना करना पड़ा था और इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बनाई हुई है। सेंचुरियन मेें भारतीय टीम की नज़र इस मैच को जीतकर सीरीज़ को बराबरी पर लाने की होगी।वहीं द. अफ्रीका इस मैच को जीतकर सीरीज़ को अपने नाम करना चाहेगी।

No comments:
Post a Comment