जिले के औद्योगिक नगर दिबियापुर में एक तरफ उत्तर प्रदेश दिवस के शानदार समारोह में भाजपा नेता, मंत्री और दो विधायक सरकार के कार्यों की उपलब्धियां गिना रहे थे तो वहीं उसी कार्यक्रम में सदर विधायक रमेश दिवाकर के बोल बगावती नजर आए।
दिवाकर ने कहा बीते 8 माह के कार्यकाल में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है। कागजों में सड़कें बन गईं जबकि धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ। दफ्तरों में बिना पैसा दिए कोई कार्य नहीं होता। विधायक रमेश दिवाकर की बात सुनकर मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री डॉ धर्म सिंह सैनी समेत भाजपा के नेता और अधिकारी सकते में पड़ गए।
मंच से अपनी ही सरकार की बखिया उधेड़ने पर वहां मौजूद लोगों ने कहा कि सदर विधायक के बगावती बोल जिले की भाजपा में सब कुछ ठीक न होने का संकेत दे रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी सरकार के कार्यों का बखान अन्य प्रांतों में करते नहीं थक रहे हैं।
उन्ही के विधायक उनके कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष की भाषा बोलने वाले औरैया सदर के भाजपा विधायक के बोल क्यों बगावती हो गए इसका जवाब तो शायद भाजपा ही दे सकती है। यह पहली बार नहीं है जब भाजपा के किसी नेता ने अपनी ही पार्टी का विराेध किया हाे।

No comments:
Post a Comment